
वाराणसी के थाना कोतवाली क्षेत्र से एक नया मामला सामने आया है। पीड़िता मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर अपने बेटे की सुरक्षा की मांग की।

पीड़िता ने बताया कि 7 मार्च को उसके बेटे गणेश यादव पर चार राउंड फायरिंग की गई थी, जिसके बाद उसने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन अब तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उसके बेटे के इंस्टाग्राम पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसने कहा कि उसका बेटा इकलौता है और उसे उसकी हत्या का खतरा है, इसलिए उसे सुरक्षा दी जाए।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आर्यन पांडेय, गोलू यादव, आनंद यादव, विशाल शहानी और शंभू शहनी को आरोपी बताया है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग फायरिंग करते हुए नजर आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसी को लेकर पीड़िता ने एक बार फिर पुलिस आयुक्त से मिलकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।