Editor

बिजली की शार्ट सर्किट से गेहूं का फसल जलकर हुआ राख

मिर्जामुराद । खजूरी पुलिस चौकी अंतर्गत रखौना गांव स्थित खेतों में सोमवार शाम करीब 4 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई। इस घटना में नगीना यादव पुत्र स्वर्गीय भगेलु यादव और श्यामलाल के खेत में लगी गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। बताया जा रहा है कि खेत किनारे लगे इलेक्ट्रिक पोल में अचानक स्पार्क हुआ और स्पार्क खेत में गिर गया। जिससे दोनों किसानों की करीब एक बीघे से अधिक फसल आग की चपेट में आ गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आग लगते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग अन्य खेतों में फैलने से बच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार और समय-समय पर मरम्मत न होने के कारण यह शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

VK Finance
खबर को शेयर करे

Leave a Comment