Editor

लंका इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमले के आरोपी को मिली जमानत

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इंस्पेक्टर पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई है। प्रभारी जिला जज देवकांत शुक्ला की अदालत ने भभुआ, कैमूर (बिहार) निवासी आरोपी विकास पटेल को 50 हजार रुपये की एक जमानत और बंधपत्र जमा करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया। आरोपी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव, नरेश यादव, रोहित यादव और संदीप यादव ने अदालत में पक्ष रखा।

VK Finance

अभियोजन के अनुसार 14 अगस्त 2025 को लंका थाना प्रभारी राजकुमार पुलिस टीम के साथ मलहिया तिराहा पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक मलहिया की ओर से डाफी टोल प्लाजा की तरफ जाते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे युवक ने इंस्पेक्टर और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक राउंड फायर किया गया, जिसमें एक युवक घायल होकर गिर पड़ा जबकि बाइक चला रहा दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक ने अपना नाम विकास पटेल बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक जिंदा कारतूस, बैग में रखे 14,500 रुपये और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद अपाची मोटरसाइकिल नंबर UP61AQ4370 बीएचयू कैंपस से 25 जुलाई 2025 को चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी जयकांत पटेल के साथ मिलकर शहर में चोरी और छिनैती की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। अब अदालत ने आरोपी को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment