वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर 28 अप्रैल को पहुंचेंगे। इस दौरान वे काशी को लगभग 6500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रारंभिक प्रोटोकॉल जारी होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद वे बीएलडब्ल्यू इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित एक विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार महिलाएं शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी। सम्मेलन को लेकर मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और विभिन्न स्तरों पर लगातार बैठकों का दौर जारी है। शहर के कई स्थानों पर महिलाएं और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल में बनने वाला सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, शहर के सुंदरीकरण से जुड़ी योजनाएं और सड़क नेटवर्क के विस्तार की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा गंगा नदी पर प्रस्तावित सिक्स लेन पुल की आधारशिला भी रखी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री रात में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। वे लगभग 807 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे वाराणसी रोपवे प्रोजेक्ट का जायजा भी ले सकते हैं। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन वे भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद वाराणसी से रवाना हो जाएंगे। पीएम के आगमन को लेकर पूरे शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं और प्रशासनिक हलचल भी बढ़ गई है।