वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) में हुए व्यवसायी मनीष सिंह हत्याकांड को पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने पर परिजनों और अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार दोपहर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज लोगों ने दोपहर करीब दो बजे बसनी-कुआर मार्ग पर चक्का जाम कर धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस केवल आश्वासन दे रही है, जबकि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी या कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर मौके पर पहुंचे एसीपी पिंडरा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों और अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।