
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी स्थित सूर्य सरोवर परिसर में आज दिनांक 01 मई 2026 को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर ‘बुद्ध पूर्णिमा आयोजन समिति, बरेका’ द्वारा 2570वीं त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती के उपलक्ष्य में दीपदान, बुद्ध वंदना, उनके जीवन पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी तथा प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील द्वारा संध्या दीप प्रज्वलन एवं बुद्ध वंदना के साथ किया गया। इसके उपरांत सूर्य सरोवर पर सामूहिक दीपदान कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं शांतिमय बना दिया। मुख्य अतिथि ने बुद्ध पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अपने उद्बोधन में भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों एवं मानवता के लिए उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र एवं उनके उपदेशों पर केंद्रित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन) श्री राम जनम चौबे, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री सुभाष चंद्र यादव, जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप यादव सहित अन्य सदस्य गण,अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धाभाव अर्पित करते हुए प्रसाद ग्रहण किया तथा उनके उपदेशों को आत्मसात कर शांति, करुणा एवं प्रेम का संदेश ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बुद्ध पूर्णिमा आयोजन समिति, बरेका, वाराणसी के संरक्षक श्री सोमपाल सिंह परवान, अध्यक्ष एवं पूर्व कर्मचारी परिषद सदस्य श्री संजय कुमार तथा महामंत्री श्री रतनम सिंह के साथ-साथ श्री आशीष शर्मा, श्री आकाश वर्मा, श्री पुनीत रावत, श्री श्याम सुंदर एवं श्री धीरेन्द्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
