
वाराणसी – कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 45 जिंदा कछुए बरामद किए। मुखबिर की सूचना पर चले सघन चेकिंग अभियान में कोच से पांच लावारिस बैग मिले, जिनमें 36 छोटे और 9 बड़े कछुए थे। बड़े कछुओं का वजन 10 से 15 किलोग्राम के बीच है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस को एक संदिग्ध तस्कर की तस्वीर मिली है, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कछुओं को जौनपुर से ट्रेन में लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। आशंका है कि तस्करी का नेटवर्क विदेशों तक जुड़ा है। बरामद कछुओं को वन विभाग को सौंप दिया गया है। वन विभाग प्रजाति की पहचान कर उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी कर रहा है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तस्कर की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
