

मोहित अग्रवाल पुलिस आयुक्त, वाराणसी महोदय कमिश्नरेट वाराणसी में यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ एवं प्रभावी संचालन के दृष्टिगत समय-समय पर विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं आर.टी.सी. रूट (Road Traffic Control Route) का पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण किया जाता रहा है। निरीक्षण के दौरान यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा भीषण गर्मी, धूप, वर्षा एवं अन्य परिस्थितियों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया। पुलिस आयुक्त, वाराणसी महोदय के निर्देशन में कमिश्नरेट क्षेत्र के विभिन्न चौराहों एवं तिराहों पर स्थापित यातायात बूथों का सुदृढ़ीकरण कराया गया, तथा यातायात पुलिसकर्मियों के कल्याण एवं सुविधा हेतु 1000 छाते, 600 सामान्य हेलमेट द्वारा 100 विशेष वेंटिलेशन/ए.सी. युक्त हेलमेट वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित यातायात पुलिसकर्मियों के लिए भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए लस्सी एवं हल्के नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से लस्सी एवं जलपान ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं मनोबल को सुदृढ बनाए रखने हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई। इन संसाधनों का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को मौसम संबंधी प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान करना तथा उनकी कार्यक्षमता एवं मनोबल को बढ़ाना है।कार्यक्रम के दौरान श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा यातायात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग भी दी गई। उन्होंने कर्मियों को यातायात संचालन के दौरान सदैव सतर्क एवं सजग रहने, निर्धारित वर्दी एवं सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, आमजन के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने, सड़क उपयोगकर्ताओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त कर्मियों को “क्या करें एवं क्या न करें (Do’s & Don’ts)” के संबंध में भी अवगत कराया गया। उन्हें निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संयम एवं पेशेवर दक्षता बनाए रखें, अनावश्यक विवाद से बचें, जनसामान्य की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त महोदय ने कहा कि यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिदिन चौराहों, प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लंबे समय तक खड़े रहकर यातायात संचालन, सड़क सुरक्षा एवं जनसुविधा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। वर्तमान समय में अत्यधिक तापमान एवं तीव्र धूप के बीच ड्यूटी करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल की परिस्थितियों को बेहतर बनाना तथा उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का संरक्षण करना है। उन्होंने सभी कर्मियों को हेलमेट का नियमित रूप से उपयोग करने, सड़क पर ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने, आमजन के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के निर्देश दिये।
अपर पुलिस आयुक्त महोदय ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में यातायात पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए दिन-रात कार्यरत पुलिसकर्मियों के कल्याण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में समय-समय पर विभिन्न कल्याणकारी एवं सुरक्षा संबंधी उपाय किये जा रहे हैं, ताकि पुलिसकर्मी अधिक सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम के दौरान हेलमेट प्राप्त करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों ने विभाग एवं यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में ड्यूटी के दौरान यह सुविधा उनके लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा इससे उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, निरीक्षकगण, उपनिरीक्षकगण एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं जनहितकारी बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
अपर पुलिस आयुक्त महोदय ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी में कार्यरत पुलिसकर्मियों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने हेतु भविष्य में भी इसी प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रम एवं सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती रहेंगी। पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देशन में पुलिसकर्मियों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं का समय-समय पर आकलन कर उनके निराकरण हेतु प्रभावी कदम उठाये जाते रहेंगे, जिससे वे बेहतर मनोबल, उत्साह एवं कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें तथा आमजन को उत्कृष्ट पुलिस सेवा प्रदान की जा सके। कार्यक्रम के इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अनिल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री प्रवीण यादव एवं यातायात निरीक्षक मुख्यालय श्री अनुराग त्यागी सहित यातायात शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों द्वारा यातायात कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।
