

वाराणसी। थाना लोहता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को बच्ची के पिता ने थाना लोहता में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 4 वर्षीय पुत्री को कोई व्यक्ति बिना बताए अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी राम लौटन (31 वर्ष), निवासी जनपद मिर्जापुर, को विष्णुपुर स्थित लल्लन सिंह के बगीचे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मासूम बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी संगीता अपने मायके में रह रही थी और उसके साथ आने को तैयार नहीं थी। पत्नी पर दबाव बनाने और उसे सबक सिखाने के उद्देश्य से उसने अपने साले की मासूम बेटी को बिना बताए अपने साथ ले गया था।
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। वहीं आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।