
वाराणसी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 200 बिस्तरों वाले सात मंजिला अत्याधुनिक ‘नेशनल सेंटर फॉर एजिंग’ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चलाकर समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा बीएचयू प्रशासन को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि बुजुर्गों को समर्पित यह केंद्र देश का तीसरा तथा उत्तर भारत का प्रमुख ‘नेशनल सेंटर फॉर एजिंग’ होगा, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। केंद्र में मल्टी-स्पेशियलिटी जेरिएट्रिक ओपीडी, मेमोरी क्लिनिक, गठिया (अर्थराइटिस) क्लिनिक, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्राइवेट वार्ड, रेडियोलॉजी एवं जांच सुविधाएं, पुनर्वास सेवाएं और डे-केयर की व्यवस्था होगी।
यह केंद्र बुजुर्गों के उपचार के साथ-साथ जरा चिकित्सा (जेरिएट्रिक मेडिसिन) के क्षेत्र में अनुसंधान, क्षमता निर्माण और मानव संसाधन विकास का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां डॉक्टरों और नर्सों को बुजुर्गों की विशेष देखभाल के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा तथा एमडी जेरिएट्रिक मेडिसिन और वरिष्ठ रेजिडेंट की सीटों में भी वृद्धि की जाएगी।
