
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के करीब 3.7 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जुलाई माह में आने वाले बिजली बिल में 4.43% की कमी होगी। यह राहत ईंधन अधिभार शुल्क (Fuel Surcharge Adjustment) में 4.43% की कटौती के कारण मिलेगी।

बताया गया कि जून माह के बिजली बिल में मार्च अवधि का 10% ईंधन अधिभार शुल्क जोड़ा गया था, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी और विरोध देखने को मिला। अब जुलाई में इसी शुल्क में कमी का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने कहा कि परिषद के लगातार प्रयासों के चलते उपभोक्ताओं को यह राहत मिली है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को आगे भी उपभोक्ताओं का बकाया पैसा समायोजित कर वापस करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अब डीजल और पेट्रोल की तरह बिजली बिल में भी ईंधन अधिभार शुल्क हर माह बढ़ या घट सकता है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं के बिल पर पड़ेगा।