Editor

जौनपुर: वर्षा से पहले खुले मेनहोल, गड्ढों व जर्जर बिजली तारों पर करें तत्काल कार्रवाई डीएम_लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं

Hamari sevaye

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा निवेश मित्र पोर्टल की प्रगति की समीक्षा की गई।

VK Finance

जिलाधिकारी ने बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराते हुए स्वरोजगार योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या पर उन्होंने विद्युत विभाग को कैपेसिटर बैंक स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी सड़क पर खुले मेनहोल या गड्ढे नहीं रहने चाहिए। यदि कहीं खुदाई या निर्माण कार्य चल रहा हो तो वहां उचित बैरिकेडिंग के साथ विभाग का नाम और संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि वर्षा शुरू होने से पहले जर्जर विद्युत तारों, खंभों और खुले बिजली बॉक्स का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए तथा कहीं भी खुले या लटकते बिजली के तार न छोड़े जाएं, ताकि जनहानि की आशंका समाप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया। बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश, एलडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment