

वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वर्ण व्यवसायी का सोना गबन करने के मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को 131.760 ग्राम पीली धातु (सोना) के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, लहुराबीर स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र में कार्यरत कर्मचारी शरद कुमार पर स्वर्ण व्यवसायी का सोना गबन करने का आरोप था। मामले की जांच के दौरान चेतगंज पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद लकड़ीमंडी, चौकाघाट क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद पीली धातु का वजन 131.760 ग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी शरद कुमार काशीपुरा, थाना चौक का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। बरामद सोने को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, चेतगंज चौकी प्रभारी वैभव शुक्ला, लहुराबीर चौकी प्रभारी विकल शांडिल्य, कांस्टेबल प्रशांत तिवारी तथा सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय व्यापारियों ने सराहना की है।