
वाराणसी, 22 जुलाई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चन्द्रावती स्थित गंगा घाट पर बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नदी में एक सफेद बोरी बहते हुए देखी। घाट पर मौजूद नाविकों ने बोरी को बाहर निकालकर खोला तो उसके भीतर बड़ी संख्या में कफ सिरप की बोतलें भरी मिलीं।

सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद कफ सिरप को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से 100 एमएल की कुल 345 कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप गंगा में कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले की सूचना ड्रग इंस्पेक्टर को भी दे दी गई है, ताकि दवाओं की वैधता और स्रोत की जांच की जा सके।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।