

रोहनिया, वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के केसरीपुर गांव में रविवार रात एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की बाउंड्री के अंदर शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी 50 वर्षीय विनय कुमार के रूप में हुई है। विनय कुमार केसरीपुर में दरोगा नामक व्यक्ति के मकान में पत्नी और परिवार के साथ किराए पर रहकर मजदूरी करते थे।

बताया गया कि घटना की जानकारी मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी मनुजा देवी के अनुसार, विनय कुमार शराब के आदी थे। आशंका है कि रात में वह शराब के नशे में मकान की छत पर पीछे की तरफ पेशाब करने गए होंगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विनय कुमार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं और सभी की शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।