

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। माधोसिंह ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाराणसी से प्रयागराज जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में वाराणसी निवासी मंगल सिंह यादव अपने 21 वर्षीय बेटे अमन यादव के साथ सवार थे।
ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा। खतरा भांपते ही पिता-पुत्र ने बिना देर किए कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
हादसे में पिता-पुत्र दोनों बाल-बाल बच गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कार में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।