

रया गांव के पास सुनसान रास्ते पर दिया वारदात को अंजाम, मोबाइल, नकदी, पायल और जरूरी कागजात बरामद

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। कस्तूरीपुर के पास वाहन का इंतजार कर रहे युवक को ट्रैक्टर पर लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। ट्रैक्टर सवार तीन लोगों ने उसे रास्ते में सुनसान जगह पर ले जाकर मोबाइल, नकदी और बैग लूट लिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटा गया मोबाइल, नकदी, पायल, बैग और जरूरी कागजात बरामद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त को ओडिशा के बालासोर निवासी कमलाकान्त बारिक अपनी बहन से मिलने के बाद भदोही रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रात करीब आठ बजे कस्तूरीपुर के पास वाहन नहीं मिलने पर वह सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान ट्रैक्टर सवार तीन युवकों ने उन्हें भदोही तक छोड़ने की बात कहकर ट्रैक्टर पर बैठा लिया।
आरोप है कि भदोही पहुंचने से पहले ट्रैक्टर को कच्चे रास्ते से ग्राम रया के पास ले जाया गया। वहां तीनों ने युवक से मोबाइल, रुपये और बैग छीन लिया और उसे वहीं उतारकर फरार हो गए। बैग में मोबाइल, नकदी के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट, स्नातक के प्रमाणपत्र, कपड़े और पायल रखी थी।
पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
नई बाजार में कर रहे थे बोरिंग का काम
30 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट के मामले में शामिल आरोपी नई बाजार में बोरिंग का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मिथुन कुमार गौतम निवासी बक्सा, जौनपुर, अजीत गौतम और कमलेश जायसवाल निवासी मड़ियाहूं, जौनपुर के रूप में हुई।
नकदी और जरूरी कागजात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,700 रुपये नकद, वीवो कंपनी का मरून रंग का मोबाइल, सफेद धातु की पायल, काला बैग, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और चार अंकपत्र व प्रमाणपत्र बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर संख्या UP-70 DS-6749 को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कस्तूरीपुर के पास युवक को ट्रैक्टर पर बैठाने के बाद रया गांव के पास उसका सामान छीन लिया था। नकदी आपस में बांट ली गई थी, जबकि पायल बेचने के लिए रखी गई थी।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक बुद्धि सागर यादव, उपनिरीक्षक मोती सिंह यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।