Editor

डीएम ने शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश

Hamari sevaye

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

VK Finance

भदोही, 31 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक हुई। बैठक में स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति, छात्र नामांकन, मध्यान्ह भोजन, पीएम श्री विद्यालयों और स्कूलों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में कायाकल्प योजना के तहत स्कूलों में शौचालय, टाइल्स, चहारदीवारी सहित अन्य सुविधाओं के कार्यों की स्थिति देखी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए शैक्षिक सत्र में स्कूलों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके बुनियादी कौशल को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जाए। स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में 72 जर्जर स्कूल भवनों को चिन्हित किया गया था। इनमें से 38 भवनों को गिराने का काम पूरा हो चुका है, जबकि 34 भवनों में काम चल रहा है। डीएम ने बाकी भवनों का ध्वस्तीकरण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
पीएम श्री स्कूलों में पिछले सत्र की तुलना में कम हुए नामांकन पर डीएम ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभिभावकों को पीएम श्री विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं और बेहतर शिक्षा की जानकारी देकर बच्चों का नामांकन बढ़ाया जाए।
मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्कूलों में भोजन व्यवस्था सुचारु रखने और खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देना सभी की जिम्मेदारी है। अधिकारी और शिक्षक आपसी समन्वय से काम करें और स्कूलों में साफ-सफाई, सुरक्षित माहौल, जरूरी सुविधाओं तथा पढ़ाई की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखें। कमजोर शैक्षिक क्षेत्रों को चिन्हित कर उनमें सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, एआरटीओ, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एमडीएम पटल सहायक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment