Editor

उद्यमियों की समस्याएं जल्द दूर करें अधिकारी: डीएम

Hamari sevaye

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

VK Finance

भदोही, 31 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों, व्यापारियों और निर्यातकों की समस्याओं पर चर्चा की गई। डीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का समय से समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। अधिकारियों का रवैया सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि जिले में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिले तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
बैठक में खाद्य एवं रसद, बिजली, प्रदूषण नियंत्रण, व्यापार कर सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बिजली संबंधी शिकायतों का जल्द समाधान करने और रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने माधोसिंह से खमरिया होते हुए डेडवा मार्ग के सुधार, राजपुरा रिंग मार्केट में पार्किंग, कारपेट सिटी में आवंटित प्लांट पर भवन निर्माण में आ रही दिक्कत, कारपेट बैंकिंग क्लस्टर और मॉडर्न डाइंग हाउस के संचालन सहित कई मुद्दे उठाए।
बैठक में जिले में बने ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र को शुरू करने, कारपेट उद्योग को बढ़ावा देने और निर्यात बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्यातकों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बैंकों की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक ऋण आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। जिन बैंकों की प्रगति कम है, उनकी नियमित निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश के लिए लैंड बैंक, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस और डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास के लिए निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। बीडा क्षेत्र के लोगों से भवन निर्माण से पहले नक्शा स्वीकृत कराने की अपील की। भूमि और राजस्व से जुड़ी समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग दयाशंकर, अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार, एकमा के अध्यक्ष उमेश गुप्ता ( मुन्ना) नगर पंचायत ज्ञानपुर के अध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता, निर्यातक, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment