

प्रबुद्ध सम्मेलन में खाद्य एवं रसद मंत्री ने जनहित के मुद्दों पर रखी सरकार की प्राथमिकताएं,

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
संवाददाता, भदोही। इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में सोमवार को आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में विकास, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि समाज के शिक्षित और जागरूक लोगों की भूमिका विकास में बेहद महत्वपूर्ण है। प्रबुद्ध समाज जब जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाता है तो समाज तेजी से आगे बढ़ता है।
मंत्री ने कहा कि भदोही केवल कालीन उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी मेहनत, प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक चेतना के लिए भी देश में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गरीब परिवारों को समय से राशन मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित न रहे, यही सरकार की प्राथमिकता है।
खाद्य एवं रसद मंत्री ने सम्मेलन के संबोधन में अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। आवेदन प्राप्त होने के बाद 90 घंटे के भीतर राशन कार्ड बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि राशन की दुकानों पर लाभार्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। दुकानों पर बैठने के लिए कुर्सियां, पीने का पानी और गुड़ की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि राशन लेने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कोटेदारों की समस्याओं का भी जिक्र किया। कहा कि कोटेदारों का कमीशन लगभग 35% बढ़ाया गया है और इसे और बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
भदोही से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा, “हम भदोही के भांजा हैं।” उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका जल्द समाधान कराने को कहा।
लोकगीतों ने बांधा समां
सम्मेलन में लोकगायक राजेश परदेशी ने लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उनके गीतों का उपस्थित लोगों ने आनंद लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, लालता सोनकर, औराई ब्लॉक प्रमुख विकास मिश्रा, अभोली ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजक जफर हसनैन (मुन्ना बाबू) ने मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार पांडेय का स्वागत करते हुए उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया और गदा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भोला तिवारी भी मौजूद रहे।
वहीं प्रबुद्ध सम्मेलन का संचालन राजेंद्र दुबे ने किया।
इस दौरान स्नेहलता श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, महेंद्र पांडेय, पप्पू तिवारी, हरिलाल पाल, संजय बिंद, अर्चना पटेल, मदन बिंद, राहुल पांडेय, ओमप्रकाश तिवारी, नंदलाल पांडेय, डॉ. देवेंद्र दुबे, शिवदयाल, पप्पू पांडेय, दरोगा दुबे, अभिषेक पांडेय, मोहम्मद आरिफ कुरैशी, सुशील दुबे और शिवशंकर यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।