
खेत से लौटते समय सांड ने किया हमला, पेट में गंभीर चोट लगने से अस्पताल में तोड़ा दम

संवाददाता प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। पूरेमुड़िया गांव में मंगलवार सुबह आवारा सांड के हमले में 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। खेत से घर लौटते समय सांड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके पेट में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें उपचार के लिए भदोही स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। वहीं, आवारा पशुओं की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
खेत से लौटते समय सांड ने बोला हमला
पूरेमुड़िया निवासी शिवकुमार (72) पुत्र स्व. राजनारायण मंगलवार सुबह करीब छह बजे खेत गए थे। शौच के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले से वह जमीन पर गिर पड़े और उनके पेट में गंभीर चोट लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह लाठी-डंडों की मदद से सांड को वहां से भगाया और गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजनों ने शिवकुमार को भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण दोपहर करीब एक बजे उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने और इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।