

मास्टर डाटा तैयार करने से लेकर त्रुटिपूर्ण आवेदनों के सुधार तक जारी हुई समय-सारिणी

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी खबर है। शासन ने अनुसूचित जाति, जनजाति, सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए पूरी प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर दी है। शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को छात्रवृत्ति पोर्टल पर लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी समय-सारिणी के अनुसार 1 से 7 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों की ओर से मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा। इसके बाद 2 से 8 सितंबर तक विश्वविद्यालय या संबंधित एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस का सत्यापन किया जाएगा। वहीं 3 से 9 सितंबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा शुल्क सहित अन्य जरूरी विवरणों का सत्यापन किया जाएगा।
एनपीसीआई स्क्रूटनी के बाद त्रुटिपूर्ण पाए गए आवेदनों का डाटा 11 से 15 सितंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थानों की लॉगिन पर उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थानों को 16 से 18 सितंबर तक इन आवेदनों में आवश्यक सुधार करना होगा। इसके साथ ही 17 से 19 सितंबर तक पात्र डाटा को अग्रसारित किया जाएगा।
प्रक्रिया के अंतिम चरण में 17 से 25 सितंबर तक जनपदीय समिति द्वारा शुद्ध डाटा लॉक किया जाएगा। अधिकारियों ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति संबंधी सभी कार्य समय से पूरा करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो।