

फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में देर रात पारिवारिक विवाद के बीच हुई हिंसक घटना से सनसनी फैल गई। आरोप है कि ससुराल पहुंचे पवन विश्वकर्मा ने घर में सो रहे ससुरालीजनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मलवां और हैलट कानपुर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद बीच-बचाव और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसी दौरान पवन भी घायल अवस्था में घर के बाहर बेहोश मिला। उसे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। हालांकि, पवन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
घायलों की पहचान प्रदीप, राजेश, पुष्पा, राजकरन और गोरे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
साले के लापता होने से बढ़ी मामले की पेचीदगी
घटना से पहले पवन के साले राजू विश्वकर्मा के लापता होने की बात भी सामने आई है। परिजनों की ओर से पवन पर राजू को साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, घटना के बाद पवन की मौत और राजू के लापता होने से पूरे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस राजू की तलाश के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पवन और उसकी पत्नी के बीच पिछले 3-4 वर्षों से वैचारिक विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस इस विवाद को भी घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए। मौके पर क्षेत्राधिकारी बिंदकी और थाना औंग के प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सीडीआर की जांच की जा रही है। वहीं, पवन की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राजू विश्वकर्मा की तलाश के लिए क्षेत्राधिकारी बिंदकी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर सूरज कुमार
मो.8004621006