Editor

सई नदी का जलस्तर बढ़ा, सड़क कटी तो ग्रामीणों ने बनाया बांस का पुल; प्रशासन ने हटवाया

Hamari sevaye

उन्नाव। हसनगंज तहसील क्षेत्र में सई नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नदी के तेज बहाव के कारण रसूलपुर-अकबरपुर मार्ग का एक बड़ा हिस्सा कट गया है, जिससे आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़क कटने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

VK Finance

कई दिनों तक कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर ग्रामीणों ने खुद बांस का अस्थायी पुल तैयार कर लिया। इसी पुल के सहारे लोग नदी पार कर आने-जाने लगे। हालांकि तेज बहाव के बीच यह पुल हादसे का कारण बन सकता था।

रविवार दोपहर करीब तीन बजे एसडीएम शालिनी तोमर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने बांस के पुल को असुरक्षित मानते हुए उसे हटवा दिया। प्रशासन ने ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन के लिए जल्द नाव की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है।

सड़क कटने से किसानों, मजदूरों, स्कूली बच्चों और बाजार जाने वाले ग्रामीणों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। ग्रामीण अब प्रशासन की वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment