

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

चौरी (भदोही)। गायत्री शक्तिपीठ गोयल में रविवार को गायत्री परिवार की ओर से नारी उत्कर्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत औराई विधायक की पत्नी सरोज भास्कर ने दीप प्रज्वलित कर की।
सम्मेलन में महिलाओं की भूमिका, गर्भ संस्कार और बच्चों को अच्छे संस्कार देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वक्ता इंदु मिश्रा ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां के विचार, व्यवहार और वातावरण का बच्चे पर गहरा असर पड़ता है। उन्होंने अभिमन्यु और लव-कुश के उदाहरण देते हुए गर्भ संस्कार के महत्व को बताया।
स्नेहलता दुबे ने कहा कि महिलाएं समाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से आध्यात्मिक और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील की।
पूनम श्रीवास्तव ने कहा कि गायत्री यज्ञ और अच्छे संस्कारों से घर का माहौल सकारात्मक बनाया जा सकता है। उन्होंने परिवार में संस्कारों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में किरण सिंह, अर्चना पटेल, रुपाली जायसवाल, राजनीती तिवारी, रोशनी तिवारी, राजेंद्र यादव, दूधनाथ पटेल और रामशृंगार पटेल समेत कई लोग मौजूद रहे। संचालन मनोज श्रीवास्तव ने किया।