

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही, जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार को तहसील औराई के विभिन्न गांवों में पहुंचकर राजस्व और जमीन से जुड़े मामलों की मौके पर जांच की। ‘न्यायालय आपके द्वार’ अभियान के तहत डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से मामलों की अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
डीएम सबसे पहले ग्राम पंचायत उगापुर पहुंचे। यहां उन्होंने आराजी संख्या 633 से जुड़े संतलाल बनाम रमजान अली आदि के आवंटन संबंधी मामले की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से अभिलेखों और मामले की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछताछ की।
डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार औराई को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों और तथ्यों की जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट तैयार की जाए और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पंचायत नुआंव पहुंचे। यहां उन्होंने आराजी संख्या 272 से जुड़े सभाजीत बनाम विद्या देवी आदि के मामले का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने जमीन की वास्तविक स्थिति देखी और अधिकारियों से पूर्व में हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
डीएम ने तहसीलदार को निर्देश दिया कि नियमानुसार पात्र पक्ष को कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में केवल कागजी रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि मौके की स्थिति की भी जांच की जाए।
निरीक्षण के दौरान रास्ते में आवागमन की समस्या सामने आने पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी को इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘न्यायालय आपके द्वार’ का उद्देश्य ग्रामीणों को राजस्व मामलों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अधिकारी गांव में पहुंचकर मामलों की जांच करें और निष्पक्ष, पारदर्शी तथा समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान करें।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। मौके पर जाकर मामलों की जांच करने से राजस्व विवादों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों का प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत होगा।