

देहरादून। उत्तराखंड के युवा पर्वतारोहियों मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने अपनी प्रतिभा और साहस का शानदार परिचय देते हुए अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को सफलतापूर्वक फतह कर लिया। तंजानिया में स्थित इस ऊंची चोटी पर दोनों ने तिरंगा लहराकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।

दोनों युवा पर्वतारोहियों की इस उपलब्धि की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सराहना की। मुख्यमंत्री आवास पर उन्होंने रियांश पंत और प्रिशा रावत से मुलाकात की और उनकी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों के साहस, लगन और मेहनत की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इन युवा पर्वतारोहियों की उपलब्धि अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
किलिमंजारो की चोटी पर तिरंगा फहराकर रियांश और प्रिशा ने न सिर्फ अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि दर्ज की, बल्कि उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।