

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

गोपीगंज, भदोही। साइबर अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। गोपीगंज पुलिस और स्वाट/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी अजीजुल पुत्र सागर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 889 मोबाइल फोन, 923 सिम कार्ड, बड़ी मात्रा में मोबाइल के स्क्रैप पार्ट्स और 1,120 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पश्चिम बंगाल से भदोही आकर कबाड़ और पुराने मोबाइल खरीदता था। इसके बाद पुराने मोबाइलों से मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा समेत दूसरे उपयोगी पार्ट्स निकालकर उनका इस्तेमाल करता था। पुलिस को आशंका है कि बरामद मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।
बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच की जा रही है। पुलिस आईएमईआई नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन सिम कार्ड और मोबाइलों का इस्तेमाल किन-किन मामलों में किया गया है।
पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में गोपीगंज पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की।