
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

भदोही। कोतवाली क्षेत्र के जमुनीपुर रेलवे ट्रैक पर गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अनूप कुमार यादव (34) पुत्र जीतनारायण यादव, निवासी जीतापुर रैमलपुर, कोतवाली भदोही के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने कार्पेट सिटी पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ज्ञानपुर भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।