

संवाददाता प्रिंस गुप्ता, भदोही

ज्ञानपुर (भदोही)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), ज्ञानपुर में सक्षम आधारित हेड मास्टर प्रशिक्षण एवं मेंटल वेलनेस कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। डायट प्रवक्ता डॉ. स्मिता सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण में शिक्षकों और प्रशिक्षुओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक और शैक्षिक विषयों की जानकारी दी गई। इसी क्रम में टेबल नंबर-8 के प्रशिक्षुओं ने लैंगिक समानता विषय पर गतिविधि प्रस्तुत कर समाज में व्याप्त भेदभाव और असमान सोच पर ध्यान आकर्षित किया।
प्रशिक्षुओं ने गतिविधि के माध्यम से संदेश दिया कि लड़के और लड़कियों को शिक्षा के समान अवसर मिलना चाहिए। घर, स्कूल और समाज में दोनों के साथ बराबरी का व्यवहार होना जरूरी है। महिला और पुरुष को भी अपनी योग्यता के अनुसार आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
इस दौरान प्रशिक्षुओं ने कहा कि लैंगिक भेदभाव केवल अवसरों को सीमित नहीं करता, बल्कि समाज के विकास में भी बाधा बनता है। इसके लिए रूढ़िवादी सोच और भेदभावपूर्ण व्यवहार में बदलाव लाने की जरूरत है। बच्चों में शुरू से ही समानता और सम्मान की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा, डॉ. मीना देवी, राहुल पाठक, विनोद शुक्ला, रुक्मणी मौर्य, अर्चना वर्मा और रीना राजपूत समेत अन्य शिक्षक एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे।