

हावड़ा: सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कार्य व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की गई।

हावड़ा में भी बैंक कर्मचारियों ने शाखाओं के बाहर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल 5-डे वर्किंग वीक लागू करने, सरकार की एकतरफा और भेदभावपूर्ण PLI योजना वापस लेने, PLI योजना में यूनियनों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करने और लंबित मुद्दों के समाधान की मांग उठाई।

हड़ताल के चलते कई बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग जैसी सेवाएं कई जगह उपलब्ध रहीं, जबकि कुछ स्थानों पर एटीएम सेवाओं के प्रभावित होने की भी सूचना है।
बैंक यूनियनों ने आगे भी आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है। 28, 29 और 30 सितंबर को ऑल इंडिया स्ट्राइक तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी ऐलान किया गया है।
यूनियन का संदेश साफ है—5 दिन काम का सप्ताह लागू करो, कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत करो।