Editor

सेवा संकल्प अभियान से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: ए.के. शर्मा

Hamari sevaye

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

VK Finance

भदोही, 12 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से जिले में सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। यह अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा। इसके तहत स्वच्छता, रक्तदान, पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच और जल संरक्षण समेत कई जनसेवा के कार्यक्रम होंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं के सभी पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जाए। जो पात्र व्यक्ति अभी तक किसी योजना से वंचित हैं, उनकी पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक भी शामिल हों। गांव से लेकर जिला स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी की जाए, ताकि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
17 सितंबर को जलेंगे दीप
प्रभारी मंत्री ने 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिलेभर में दीप जलाने की अपील की। उन्होंने सरकारी कार्यालयों, भवनों, सार्वजनिक स्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं में दीप जलाने को कहा। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ने की बात कही।
गांव-शहर में होंगे सेवा कार्य
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान श्रमदान, रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, गौशाला और अमृत सरोवर में सेवा कार्य किए जाएंगे। महिला स्वास्थ्य एवं पोषण, दिव्यांगजन सहयोग, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर भी कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड और नगर निकाय स्तर पर सेवा शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने में मदद की जाएगी।
गांवों में लगेंगी चौपाल
अभियान के दौरान गांव-गांव ग्राम चौपाल और सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जिले में 102 डिजिटल लाइब्रेरी के लोकार्पण की भी तैयारी है, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और पशुओं में लम्पी रोग की रोकथाम के लिए टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई और संचारी रोगों से बचाव के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजय बिंद, पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment