

जिला अस्पताल में भर्ती, हीमोग्लोबिन 6 ग्राम और प्लेटलेट 59 हजार; गंभीर संक्रमण का इलाज जारी

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
ज्ञानपुर (भदोही)। ज्ञानपुर नगर में एक युवती के बेहद कमजोर हालत में घर में मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को घर से निकालकर महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर है। जांच में हीमोग्लोबिन छह ग्राम और प्लेटलेट करीब 59 हजार मिले हैं। शरीर में गंभीर संक्रमण भी पाया गया है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि युवती काफी समय से घर से बाहर नहीं निकली थी। सोमवार को उसकी हालत की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो वे घर पहुंचे। घर का दरवाजा बंद होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में युवती को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही मांगा पानी और खाना
युवती को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों के अनुसार वह काफी कमजोर थी और बार-बार पानी व खाना मांग रही थी। रास्ते में उसने पानी पिया। अस्पताल पहुंचने के बाद उसे खाने-पीने की चीजें दी गईं। मंगलवार को भी आसपास के लोगों ने उसे खाना और नारियल पानी दिया।
पड़ोसी चंदन जायसवाल ने बताया कि युवती की हालत देखकर लोग हैरान रह गए। उनका दावा है कि वह लंबे समय से इसी स्थिति में थी। अस्पताल पहुंचाने में शामिल मोनू ने भी उसके इलाज को लेकर सवाल उठाए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जांच में गंभीर संक्रमण, खून चढ़ाया जा रहा
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. धीरेंद्र के अनुसार युवती को सोमवार रात करीब आठ बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच में हीमोग्लोबिन छह ग्राम और प्लेटलेट 59 हजार मिले। शरीर में गंभीर संक्रमण है। अल्ट्रासाउंड में पेट में पानी भी मिला है। चिकित्सक के अनुसार युवती ने लंबे समय से खाना नहीं मिलने की बात बताई है। शरीर में फैट और मांसपेशियों की परत काफी कम हो गई है। उसे खून चढ़ाया जा रहा है और उपचार जारी है।
पिता बोले- बीमारी से बिगड़ी हालत
युवती के पिता ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि बेटी काफी समय से बीमार थी। उसे बुखार और दस्त की शिकायत थी तथा शरीर पर फोड़े-फुंसियां भी हो गई थीं। उनका कहना है कि घर में बनने वाला खाना बेटी को दिया जाता था। उन्होंने मारपीट करने या जानबूझकर खाना नहीं देने की बात से इनकार किया। पिता के अनुसार बेटी ने करीब एक वर्ष पहले पढ़ाई छोड़ दी थी।
भाई के वीडियो से मामले ने पकड़ा तूल
युवती के 15 वर्षीय भाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने पिता पर बहन के साथ गलत व्यवहार करने समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि बाद में उसके बयानों में बदलाव की बात भी सामने आई। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। युवती के साथ यौन शोषण की चर्चा भी है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे आरोपों की सच्चाई मेडिकल जांच और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एसडीएम और सीओ ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम ज्ञानपुर अरुण दीक्षित और सीओ चमन चावड़ा अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने युवती और उसके पिता से जानकारी ली। इसके बाद घर का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम के अनुसार युवती बीमार थी और समुचित इलाज नहीं मिलने से उसकी हालत काफी कमजोर हुई है। उन्होंने मामले में भ्रामक सूचना प्रसारित न करने की अपील की है।
तहरीर नहीं, जांच पर टिकी निगाह
फिलहाल युवती का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में अभी कोई लिखित तहरीर सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की जांच के साथ मेडिकल रिपोर्ट को भी अहम माना जा रहा है। युवती की हालत में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज होने पर घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
आरोपों की पुष्टि जांच के बाद
युवती को लंबे समय तक घर में रखने, खाना-पानी नहीं देने, मारपीट या किसी अन्य अपराध के आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं। इनकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट, पुलिस की जांच और युवती के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।