
उन्नाव। बाढ़ और बारिश के पानी से जलमग्न होकर फसलें बर्बाद होने से प्रभावित किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राहत दी जा रही है। इसी क्रम में उन्नाव जनपद की छह तहसीलों में प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा वितरित किया गया। सोमवार को उन्नाव स्थित पन्नालाल सभागार में सदर तहसील के किसानों को मुआवजे के चेक वितरित किए गए। इस दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और विधायक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से बाढ़ और बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों को अनुदान राशि हस्तांतरित की। इसी क्रम में उन्नाव के प्रभावित किसानों को भी राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि जनपद की छह तहसीलों में बाढ़ के पानी से प्रभावित फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए करीब 10 हजार किसानों को लगभग 4 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत पहुंचाना और उनकी क्षति की भरपाई में सहायता करना है।
