

वाराणसी -शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ की एक पेंट और झाड़ू की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे दुकान के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में पेंट, थिनर, टर्पेंटाइन और प्लास्टिक की झाड़ू भारी मात्रा में रखी थी, जो आग के लिए पेट्रोल का काम कर गई। एक के बाद एक पेंट के डिब्बों में धमाके होने लगे, जिससे आग और भड़क उठी। सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे के समय एक व्यक्ति दुकान के अंदर फंस गया था। धुएं के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रहा था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के जवानों ने जान पर खेलकर धुएं के बीच घुसकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आग से उठा काले धुएं का गुबार इतना घना था कि 200 मीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। दशाश्वमेध घाट जाने वाली गली में जाम लग गया। आसपास की दर्जनों दुकानों के शटर तुरंत गिरा दिए गए।घटना की जानकारी मिलते ही दशाश्वमेध थाने की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को हटाया। फायर कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने मिलकर लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में दुकान में रखा लाखो रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदार का रो-रो कर बुरा हाल था। दशाश्वमेध थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
