

सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा करेंगे शिव महिमा का बखान, डीएम-एसएसपी समेत आला अधिकारियों ने किया कथा स्थल का निरीक्षण

उन्नाव। बैसवारा की पावन धरती पर भगवान शिव की महिमा का गुणगान होगा। बीघापुर क्षेत्र के गौरी गांव में 30 अक्टूबर से सात दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। पांच नवंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा अपने मुखारविंद से शिव महापुराण की कथा सुनाएंगे। कथा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वहीं, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गया है।
डीएम-एसएसपी ने किया कथा स्थल का निरीक्षण
गुरुवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह और अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गौड़ समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने कथा स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सात दिनों तक चलने वाले आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए अहम रहेगा।
अरुण सिंह की देखरेख में हो रहा आयोजन
आयोजनकर्ता एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, उनकी भक्ति और शिव पुराण में वर्णित धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि बैसवारा क्षेत्र के साथ उन्नाव और आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचेंगे।
शिवभक्ति में सराबोर होगा गौरी गांव
30 अक्टूबर से पांच नवंबर तक गौरी गांव में भक्ति और अध्यात्म की गूंज सुनाई देगी। पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का श्रवण करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्सुकता है। बैसवारा की धरती पर होने वाला यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है।