
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर गांव में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को एपेक्स हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पिसौर निवासी सुरेंद्र कुमार पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई राजेश पटेल की पत्नी अनीता पटेल और भतीजा शिवम गांव में घर आए थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 1:30 बजे उन्होंने देखा कि राजेश की सिर के पीछे गंभीर चोट लगी थी और खून से बिस्तर व आसपास की जगह भीग गई थी।
राजेश की हालत गंभीर देखकर परिजनों ने तत्काल 112 पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर एपेक्स हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। राजेश को गंभीर चोट लगी है और घटना के बाद से उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सुरेंद्र कुमार पटेल ने शिवपुर पुलिस से मामले को संज्ञान में लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।