
वाराणसी।मडुवाडीह थानाक्षेत्र के लखनपुर भुल्लनपुर स्थित अपने घर से बुधवार की सुबह बाहर निकले अधिवक्ता का मैसेज बड़े भाई के मोबाइल पर दोपहर 1 बजकर 29 मिनट पर आया कि बचाओ, मैं गेट नम्बर 4 पर हूँ।शाम तक वापस भी नहीं लौटे।भाई ने देर से मैसेज देखा तो वह फुलवारिया क्रासिंग के पास पहुँचा, उनकी बाइक पड़ी मिली। संदिग्ध परिस्थितियों में अधिवक्ता के लापता होने की सूचना अधिवक्ता के बड़े भाई राजेन्द्र पटेल द्वारा मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के कई आला अधिकारी पहुँचे।बाइक मिलने की जगह पर भी फोर्स के साथ आसपास के झाड़ियों में उनकी तलाश की लेकिन कोई सुराग अभी तक नहीं मिल सका है। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मडुवाडीह थानाक्षेत्र के लखनपुर निवासी 30 वर्षीय अधिवक्ता सुरेंद्र पटेल परिवार के साथ लखनपुर,भुल्लनपुर में रहते हैं। बुधवार की सुबह वह कचहरी जाने को कहकर घर से बाहर गए थे। लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता सताने लगी।उनके बड़े भाई राजेन्द्र पटेल के मुताबिक अचानक से उन्होंने मैसेज देखा तो सुरेंद्र का मैसेज उनके मोबाइल पर पड़ा था कि बचाओं,मैं गेट नम्बर 4 पर हूँ।फोन करने पर अधिवक्ता सुरेंद्र का फोन नंबर स्विच ऑफ बता रहा है। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन मडुवाडीह थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। परिजनों की शिकायत के बाद से ही पुलिस और परिजनों ने अधिवक्ता की तलाश शुरू कर दी।अधिवक्ता का मामला होने के कारण पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम फुलवारिया क्रासिंग के गेट संख्या 4 पर पहुंच गई। आला अधिकारी और फोर्स ने अधिवक्ता की तलाश करने के लिए आस-पास का क्षेत्र छान मारा, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है।
