मिर्जापुर। जिले के कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब सद्भावना नगर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान अधिवक्ता और ग्राम प्रधान रिंकु सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रिंकु सिंह सुबह प्रातः भ्रमण के लिए निकले थे और वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना कटरा कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुरम कॉलोनी (कतवारू का पुरा) की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद बदमाशों की बाइक भी मौके पर खराब हो गई थी। अगर आसपास मौजूद लोग थोड़ी हिम्मत दिखाते तो दोनों हमलावरों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।