Editor

तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा शहीद जवान का पार्थिव शरीर, नम आंखों से बृजेश मौर्य को अंतिम विदाई

Hamari sevaye

संवाददाता भदोही

VK Finance

24 अगस्त, सोमवार | भदोही।
कसियापुर गांव सोमवार को गम और गर्व के माहौल में डूबा रहा। CRPF जवान बृजेश मौर्य का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जवान के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हर तरफ भारत माता के जयकारे और बृजेश मौर्य अमर रहें के नारे गूंजते रहे।
बृजेश मौर्य का हाल ही में CRPF में चयन हुआ था और वह प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। प्रशिक्षण के छठे महीने में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को जब तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर जवान को अंतिम सलामी दी। बड़ी संख्या में युवाओं ने तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया।
CRPF के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी जवान को अंतिम विदाई दी। इस दौरान सैन्य सम्मान और देशभक्ति के नारों से माहौल भावुक हो उठा।
जवान की अंतिम यात्रा में ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने बृजेश मौर्य के प्रति लोगों के सम्मान और देशसेवा के जज्बे को दिखाया। पूरा क्षेत्र “जब तक सूरज चांद रहेगा, बृजेश मौर्य तेरा नाम रहेगा” और “बृजेश मौर्य अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
नम आंखों और भारी मन से ग्रामीणों ने अपने वीर जवान को अंतिम विदाई दी। बृजेश मौर्य की असमय मौत ने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment