

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। पुलिस विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर शिकायतों के मामलों में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी मामलों में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना ज्ञानपुर के उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव, थाना औराई के उप निरीक्षक विष्णुकान्त मिश्रा, थाना चौरी के उप निरीक्षक महेन्द्र राम तथा थाना ऊंज के मुख्य आरक्षी नगेन्द्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार शामिल हैं।
ज्ञानपुर के दरोगा पर शिकायत में लापरवाही का आरोप:
उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव पर महिला संबंधी शिकायत में समय से जरूरी कानूनी कार्रवाई नहीं करने और शिकायतकर्ता की समस्या के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप प्रथम दृष्टया पाया गया।
औराई के दरोगा पर विवेचना में लापरवाही:
उप निरीक्षक विष्णुकान्त मिश्रा पर लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं करने और विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप है।
चौरी के दरोगा पर कार्रवाई:
उप निरीक्षक महेन्द्र राम पर अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने तथा विवेचना में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाने का आरोप प्रथम दृष्टया सही पाया गया।
ऊंज के दो पुलिसकर्मी भी निलंबित:
मुख्य आरक्षी नगेन्द्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों पर जमीन से जुड़े मामले में अवैध तरीके से हस्तक्षेप करने का आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि पुलिस विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, निष्पक्ष जांच और ईमानदारी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की शिकायतों पर बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।