Editor

राखी के धागे में सिमटा भाई-बहन के अटूट प्यार का संसार

Hamari sevaye

तिलक, मिठाई और राखी से सजीं कलाईयां, बहनों ने मांगी भाइयों की लंबी उम्र, भाइयों ने लिया हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प

VK Finance

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

28 अगस्त, शुक्रवार।
भदोही। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक रक्षा बंधन का त्योहार शुक्रवार को जिलेभर में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में त्योहार की तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने पूजा की थाली सजाई, भाइयों को तिलक लगाया और उनकी कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर हर परिस्थिति में उनकी रक्षा और साथ निभाने का संकल्प लिया।
रक्षा बंधन को लेकर शहर से लेकर गांव तक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी राखियों से सजे बाजारों में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। राखी के साथ मिठाई और उपहार की दुकानों पर भी खूब चहल-पहल रही। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं और भाइयों की कलाई सजाने के लिए उत्साह के साथ घर पहुंचीं।
कई परिवारों में यह त्योहार भावुक क्षण भी लेकर आया। रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे शहरों में रहने वाले भाई-बहन एक-दूसरे से मिलने के लिए घर पहुंचे। वहीं जो बहनें या भाई दूर थे, उन्होंने डाक और अन्य माध्यमों से राखी व मिठाई भेजकर अपने रिश्ते की गर्माहट कायम रखी। मोबाइल फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से भी भाई-बहनों ने एक-दूसरे को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।
रक्षा बंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों में प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी को मजबूत करने का अवसर है। राखी का छोटा-सा धागा भाई-बहन को यह याद दिलाता है कि जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी हों, एक-दूसरे का साथ और विश्वास हमेशा कायम रहना चाहिए। समय के साथ त्योहार मनाने के तरीके भले बदल गए हों, लेकिन भाई-बहन के रिश्ते में छिपी भावनाएं आज भी उतनी ही गहरी और मजबूत हैं।
रक्षा बंधन का यह पर्व परिवारों में प्रेम, सौहार्द और अपनापन बढ़ाने के साथ समाज को भी आपसी रिश्तों की अहमियत का संदेश देता है। यही वजह है कि राखी का यह धागा महज एक धागा नहीं, बल्कि जीवनभर साथ निभाने और रिश्तों को संजोकर रखने का प्रतीक माना जाता है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment