
22, 24 और 25 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर, प्रवेश-निकास से लेकर बैरिकेडिंग तक की तैयारी

वाराणसी। वाराणसी में आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एयर शो के दौरान शहर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रावण सोमवार की तर्ज पर भीड़ प्रबंधन करने का निर्णय लिया है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बाबा विश्वनाथ का दर्शन कराना है। इसके लिए मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास मार्गों का संचालन सुव्यवस्थित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे और किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में बनी रणनीति, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
17 अक्टूबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एयर शो के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और मंदिर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही भीड़ की स्थिति, आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उचित कदम उठाए जा सकें।
दर्शन पहली प्राथमिकता, व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश
एयर शो के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन का पूरा ध्यान दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर रहेगा। प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, वहीं भीड़ के दबाव को देखते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकेंगे।
प्रशासन की कोशिश है कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी हो। अब 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो के साथ-साथ काशी विश्वनाथ धाम में भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन की व्यवस्था प्रशासन के लिए अहम चुनौती रहेगी।
द वॉयस इंडिया न्यूज़ के लिए वाराणसी से संवाददाता निशा यादव की रिपोर्ट।
