

जूही बम्बुरहिया, कानपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को जूही बम्बुरहिया इलाके में करीब 45 साल पुराने मकान की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के समय एक ही परिवार के छह सदस्य कमरे में बैठकर खाना खा रहे थे। अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में अजय, संजय, रेखा, शशि, निशा और खुशी घायल हो गए। सभी के सिर में चोटें आई हैं। मलबा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल शशि और निशा को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं अजय, संजय और रेखा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। खुशी के सिर में भी चोट आई है।
बताया गया कि रक्षाबंधन के अवसर पर परिवार के सदस्य घर पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान जर्जर मकान की छत का प्लास्टर गिरने से छह लोग इसकी चपेट में आ गए। लगातार बारिश के बीच पुराने और जर्जर मकानों को लेकर हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।