वाराणसी-माँ दुर्गा की आराधना के पावन पर्व नवरात्रि के अवसर पर, ‘सशक्त नारी समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने के लिए वाराणसी पुलिस ने एक अनूठी पहल की। पुलिस लाइन से महिला पुलिस कर्मियों की भव्य स्कूटी रैली को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली नगर के विभिन्न क्षेत्रों में ‘मिशन शक्ति’ का सशक्त संदेश लेकर गई।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में हर थाने को ‘मिनी थाने’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना की गई है, जिसे पूरी तरह से महिला पुलिस कर्मी ही संचालित कर रही हैं। इसका उद्देश्य यह है कि थाने पर आने वाली महिलाएं अपनी झिझक और संकोच को त्यागकर अपनी समस्याएं खुलकर बता सकें।” “महिला पुलिसकर्मी एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। एक महिला होने के नाते वे महिलाओं के दर्द को समझती हैं, जिससे पीड़िता को राहत और न्याय पाने में आसानी होती है।” उन्होंने बताया कि शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि महिलाओं के मन में सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की आशंका न रहे। यह रैली नवरात्रि के पावन अवसर पर मातृशक्ति को सुरक्षा का दृढ़ एहसास दिलाने के लिए निकाली गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी उपस्थित रहीं, जिनमें अपने कर्तव्यों के प्रति अपार उत्साह देखा गया। रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने इसे अपनी शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे जनपद की महिलाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं।
