

वाराणसी, 14 अप्रैल 2026।
संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी (आप) वाराणसी द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर विचार गोष्ठी, माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संघर्ष केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि सदियों से शोषित और वंचित समाज को समान अधिकार दिलाने का आंदोलन था।
उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना—समानता, न्याय और भाईचारा—आज सबसे ज्यादा खतरे में है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों को योजनाबद्ध तरीके से समाप्त करने की कोशिश हो रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब ने चेतावनी दी थी कि यदि सामाजिक और आर्थिक बराबरी स्थापित नहीं हुई तो राजनीतिक लोकतंत्र भी कमजोर पड़ जाएगा। आज देश उसी चुनौती का सामना कर रहा है। सामाजिक न्याय की लड़ाई अभी अधूरी है और जब तक दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज को उनका पूरा अधिकार और सम्मान नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान को कमजोर कर लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार कर रही है और जनता के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा समानता और न्याय पर आधारित भारत के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडे, महिला प्रदेश महासचिव रेखा जायसवाल, शारदा टंडन, अर्चना श्रीवास्तव, शाहनवाज खान, निलेश कुमार सिंह, गुलाब सिंह राठौड़, कांता प्रसाद, मोहम्मद कुड्डूस, गोपाल पांडे, रामसूरत यादव, जितेंद्र कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।