लोहता: मंगलवार तड़के रिंग रोड फेज-2 पर सभईपुर अंडरपास के पास ट्रक चालक से मारपीट और 30 हजार रुपये लूट के मामले में लोहता पुलिस ने गोंडा जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हुंडई की सफेद एक्सटर कार यूपी 43 बीपी 5491 भी बरामद कर ली गई है। हालांकि दोनों आरोपियों ने लूट की घटना से इनकार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पहला आरोपी आकाश सिंह (21 वर्ष) पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी उमरी चौहान पूरवा, थाना उमरी बेगमगंज, जिला गोंडा है। दूसरा आरोपी तुषार कांत चौबे पुत्र नंदकुमार चौबे निवासी बरसेड़ी, थाना तरबगंज, जिला गोंडा का रहने वाला है।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पीआरबी के जरिये सूचना मिली थी कि सभईपुर अंडरपास के पास ट्रेलर चालक उमेश कुमार पुत्र बाबूराम निवासी बहादीपुर, थाना सम्मनपुर, जनपद अंबेडकर नगर के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है।
पूछताछ में चालक उमेश ने बताया कि वह ट्रक संख्या UP 42 CT 3404 से अकबरपुर से डेहरी ऑन सोन, बिहार जा रहा था। जौनपुर टोल प्लाजा पर ट्रेलर पीछे करते समय कार में खरोंच लग गई थी। इसी बात पर सुबह करीब 3 बजे सभईपुर अंडरपास के पास कार सवार लोगों ने ट्रेलर रोककर ईंट फेंक दी, जिससे सामने का शीशा टूट गया। इसके बाद आरोपियों ने ट्रेलर में चढ़कर मारपीट की और 30 हजार रुपये निकाल लिए।
थानाध्यक्ष लोहता दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी आकाश सिंह व तुषार कांत चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त हुंडई की सफेद एक्सटर कार यूपी 43 बीपी 5491 भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मारपीट की बात स्वीकार की है, लेकिन 30 हजार रुपये लूटने से इनकार किया है। पुलिस जांच में भी 30 हजार की लूट की पुष्टि नहीं हुई है।
