
वाराणसी। एटीएमकार्ड में हेरा फेरी करके उचक्कों ने पांच बार में रिटायर्ड पुलिसकर्मी के खाते से लाखों रुपए निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज से सूचना मिलने पर खाता धारक ने अपना खाता फ्रीज करते हुए मंडुवाडीह थाने पर शिकायत की और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।लोहता थाना क्षेत्र के अभिमन्यु नगर कॉलोनी चुरामनपुर मूढ़ेला निवासी रिटायर्ड दारोगा जय प्रकाश सिंह की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक वह शाम को मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के चांदपुर कलेक्ट्री फॉर्म स्थित हिटाची एटीएम से पैसा निकालने आए थे। एटीएम से रुपया निकालते समय दो शातिर युवकों ने एटीएम स्क्रीन पर टेप लगाकर रिटायर्ड पुलिस कर्मी को झांसे में ले लिया।
मदद के बहाने पिन देखकर कार्ड बदल दिया। इसके बाद ठगों ने कुल 40 हजार निकाल लिए।एसएमएस से जानकारी होने पर पीड़ित ने खाता फ्रीज कराया और साइबर हेल्पलाइन व मंडुवाडीह थाना पर शिकायत की। पीड़ित ने बताया कि पेंशन की रकम जाने से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है एवं सीसीटीवी फुटेज और ट्रांसफर खाते की भी जांच की जा रही है।
