Editor

उन्नाव: 20 फीट गहरे नाले में गिरी बाइक, पिता की मौत, पांच वर्षीय बेटा गंभीर

Hamari sevaye

उन्नाव। जिले के आसीवन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय सुनील राठौर की मौत हो गई, जबकि उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

VK Finance

जानकारी के अनुसार, कुरसठ गांव के मजरा रसूलपुर निवासी सुनील राठौर देर शाम अपने पांच वर्षीय बेटे आयु के साथ बाइक से कुरसठ गए थे। वहां से लौटते समय कादिरपुर और जहांगीर नगर के बीच स्थित ऊंची पुलिया पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पुलिया से टकराने के बाद सीधे गहरे नाले में जा गिरी।

हादसे में मासूम आयु नाले के किनारे जा गिरा, जबकि सुनील बाइक समेत पानी में गिर गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर अभिषेक चक्रवर्ती ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

वहीं, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुनील राठौर को नाले से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि सुनील राठौर कुरसठ में चाट का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका और दो बेटे आयु व किट्टू हैं। सुनील अपने माता-पिता के इकलौते सहारे भी थे। इस हादसे में परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment