

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात ‘विशाल गैंग’ के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 900 ग्राम सोना, हीरे के कीमती आभूषण और ₹4.27 लाख नकद बरामद किए हैं। इस शानदार सफलता पर पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से सूने और ताला बंद मकानों को निशाना बनाता था। गैंग के सदस्य पहले पॉश कॉलोनियों और ऐसे घरों की रेकी करते थे, जहां परिवार बाहर गया हो या लंबे समय से घर बंद हो। पूरी जानकारी जुटाने के बाद आरोपी रात के समय घरों में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार बदमाशों के पास से 8 सोने की ब्रिक, 2 सोने की चेन, 3 सोने के कंगन, 2 सोने के धागे, एक डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड टॉप्स, एक डायमंड रिंग, 2 डायमंड ईयरिंग्स तथा ₹4.27 लाख नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लालपुर थाना क्षेत्र के भक्तिनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इनमें कुछ आरोपी आजमगढ़ और महाराष्ट्र के शोलापुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अन्य किन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
शिवपुर थाना पुलिस और अन्य टीमों की संयुक्त कार्रवाई से इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा हुआ है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई से शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यशैली का संदेश गया है।